पूर्व आईपीएस अधिकारी आचार्य किशोर कुणाल का निधन हो गया है। वह 74 वर्ष के थे और उनका निधन हृदय गति रुकने से हुआ है। किशोर कुणाल को आज सुबह कार्डियक अरेस्ट हुआ और उन्हें तुरंत महावीर वत्सला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका निधन हो गया।
किशोर कुणाल महावीर मंदिर न्यास के सचिव थे और अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य भी थे। उन्होंने अपना जीवन सामाजिक और धार्मिक कार्यों के लिए समर्पित किया था। किशोर कुणाल को उनके कार्यों के लिए कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था।
किशोर कुणाल का जन्म 10 अगस्त 1950 को हुआ था। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा मुजफ्फरपुर जिले के बरुराज गांव से की थी। पटना विश्वविद्यालय से इतिहास और संस्कृत में उन्होंने ग्रेजुएशन किया। बाद में किशोर कुणाल गुजरात कैडर के आईपीएस अधिकारी बने। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के तौर पर उनकी तैनाती पटना में भी हुई थी।
किशोर कुणाल के निधन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि आचार्य कुणाल के निधन से प्रशासनिक, सामाजिक और धार्मिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।